समाचार

ग्राम डुड़गा में सूर्यवंशी समाज सुधार संगठन की जनजागरूकता रैली और चिंतन गोष्ठी, समाज सुधार की बनी मिसाल

ग्राम डुड़गा, 17 अगस्त 2025। सूर्यवंशी समाज सुधार संगठन (S4) के तत्वावधान में ग्राम डुड़गा में जनजागरूकता रैली एवं सामाजिक चिंतन गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तथागत भगवान बुद्ध और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर की गई।

इसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों के साथ मिलकर जनजागरूकता रैली निकाली। रैली पूरे गांव में घूमी, जिसमें नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन, शिक्षा और सामाजिक नैतिकता के संदेश दिए गए। रैली के बाद सामुदायिक भवन में चिंतन गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी में संगठन के कोषाध्यक्ष महेश बौद्ध ने तथागत बुद्ध के पंचशील सिद्धांत एवं 38 महामंगल सुत्त का उल्लेख करते हुए समाज में नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं संस्थापक पंकज कुमार सूर्यवंशी ने संगठन द्वारा बनाए गए नैतिक नियमों एवं प्रोटोकॉल की विस्तार से जानकारी दी।

चिंतन गोष्ठी में मृत्यु संस्कार, विवाह, दहेज प्रथा, नशापान, शिक्षा एवं सदाचार जैसे मुद्दों पर गंभीर परिचर्चा हुई। इस अवसर पर सतगवा प्रतिनिधि रमेश कुमार पूरे, ग्राम प्रतिनिधि मोहितराम पूरे एवं मेलाराम पूरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्राम के गणमान्य नागरिकों—राजेश्वर पूरे (दुलारा), सुनील कुमार पूरे, गोरेलाल खरे, अनंदराम सूर्या, भूखेलाल, लोकनाथ ताम्रकर एवं शिक्षक जोविधा ताम्रकर—ने अपने विचार रखते हुए संगठन की गतिविधियों की सराहना की।

गांव के बुजुर्गों ने केंद्रीय कमेटी को संदेश दिया कि जब वे समाज के लिए नियम बनाते हैं, तो उनका पहला कर्तव्य खुद उन नियमों का पालन करना होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज में समानता लाने हेतु नौकरीपेशा बेटे-बेटियां गरीब घरों के बच्चों से विवाह करें, ताकि समाज में एकरूपता कायम हो सके।

संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार चंद्राकर ने सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया और विशेष रूप से राजेश्वर पूरे (दुलारा) की सराहना की, जिन्होंने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया।

कार्यक्रम का समापन सतगवा प्रतिनिधि रमेश कुमार पूरे ने आभार ज्ञापन के साथ किया। इसके उपरांत तालाब किनारे संगठन एवं ग्रामीणों ने मिलकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button